मौसम विभाग की ओर से मंगलवार की दोपहर डेढ़ बजे अलर्ट जारी किया गया। इसके अनुसार अगले तीन घंटों में गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, फरीदाबाद, पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर जिलों में हवाओं और गरजचमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। पानीपत और फरीदाबाद में कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई।
वहीं, सोमवार की रात अचानक यमुना का जलस्तर बढ़ गया, जिससे फरीदाबाद के बसंतपुर गांव में पानी घुस गया। रात को लोग घरों में पानी घुसता देख परेशान हो गए। देखते ही देखते पूरे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सुबह यहां पर राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, लोगों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा रहा है।
उधर, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में 25 से 50 प्रतिशत और पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर में 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। हालांकि पूरे प्रदेश में 22 अगस्त से बारिश की गतिविधियां तेज होने का भी अनुमान जताया है।
No comments :